होली को लेकर सक्ती थाना में शांति समिति की बैठक आज रात 8 बजे


सक्ति, 28 फरवरी 2026। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के उद्देश्य से थाना सक्ती में आज रात 8 बजे शांति समिति की बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक थाना परिसर में होगी।
जानकारी के अनुसार, पर्व के दौरान नगर में कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह बैठक बुलाई गई है। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा की उपस्थिति रहेगी।
बैठक में नगर के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, व्यापारी, पत्रकार, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और अन्य प्रबुद्धजन आमंत्रित किए गए हैं। चर्चा के दौरान होली पर सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था, असामाजिक तत्वों पर नजर, अफवाहों की रोकथाम और आपसी समन्वय जैसे विषयों पर विस्तार से विचार किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने सभी वर्गों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की है। थाना प्रभारी लखन पटेल ने नागरिकों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाने और होली पर्व को शांति व सद्भाव के साथ मनाने में सहयोग देने का आग्रह किया है।



